
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
पत्थलगांव। क्षेत्र के दर्रापारा में एक दर्दनाक हादसे में खेत में सिंचाई के लिए बनाई गई बावली में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय तीन बच्चे बावली में नहाने गए थे, जिनमें दो सगे भाई और उनका एक दोस्त शामिल था। मृतक की पहचान साहिल कुजूर (7 वर्ष) पिता प्रभुदान कुजूर, निवासी दर्रापारा के रूप में कि जा रही है। साहिल आत्मानंद विद्यालय में दूसरी कक्षा में पढ़ाई कर रहा था ।

बताया जा रहा है कि साहिल अपने भाई शुभम कुजूर और दोस्त अनुराग कुजूर के साथ बावली में नहाने गया था। इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देखकर उनमें से एक ने चिल्लाना शुरू किया,वहां से गुजर रहे अरमान और उनके साथियों ने बिना देर किए बावली में छलांग लगा दी और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।इसके बाद बच्चों को तत्काल पत्थलगांव अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पुरे मामले की जांच कार्यवाई में जुट गई है ।










