
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर जिले के आजाक थाना में ग्राम टुकूपखना, थाना पत्थलगांव निवासी प्रार्थी संजय बड़ा एवं उनके परिवार की लिखित शिकायत पर 17 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया है।शिकायत के अनुसार, प्रार्थी एवं उनका परिवार ग्राम टुकूपखना स्थित अपनी पैतृक भूमि पर धान की खेती कर जीवन-यापन करता है। दिनांक 17 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 10:00 बजे आरोपियों ने एक राय होकर कुदाल, लाठी एवं अन्य हथियारों से लैस होकर खेत में जबरन प्रवेश किया तथा जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी परिवार को खेत से बाहर खदेड़ दिया।आरोप है कि आरोपियों ने दो ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी धान की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया तथा भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर प्रार्थी की माता के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का देकर गिराया गया,शिकायत में यह भी उल्लेख है कि बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन के साथ आरोपियों ने अश्लील हरकत करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की तथा बलात्कार करने की धमकी देते हुए जबरन घसीटने का प्रयास किया। प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। प्रार्थी की शिकायत पर अजाक थाना जशपुर में आरोपियों भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेन्द्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव एवं गरीब साय (सरपंच) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 189, 191, 329, 324, 115, 74, 351(2), 351(3) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धाराएं 3(1)(f), 3(1)(w)(i), 3(1)(द), 3(1)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।जशपुर पुलिस द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










