
डेस्क खबर खुलेआम
कांसाबेल। भारतमाला सड़क निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत तिरसोट के बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रभावित किसान अपनी समस्या लेकर कांसाबेल स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के कार्यालय पहुंचे। किसानों ने बताया कि वर्तमान में उनके खेतों में फसल लगी हुई है और इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से उनकी खड़ी फसल प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने मांग की कि फसल की कटाई पूरी होने तक भारतमाला सड़क निर्माण कार्य को कुछ दिनों के लिए रोक दिया जाए, ताकि उनकी मेहनत की फसल सुरक्षित रह सके। किसानों की बात को गंभीरता से सुनते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने तत्काल पहल की। उन्होंने भारतमाला परियोजना के उच्च अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर किसानों की समस्या से अवगत कराया तथा फसल कटाई तक निर्माण कार्य को कुछ दिनों के लिए रोकने के निर्देश दिए।
किसानों के हित में तत्काल पहल से मिली राहत

सालिक साय ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार हो रही फसल को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होना चाहिए। विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन किसानों के हित और उनकी खड़ी फसल की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से किसानों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष की इस त्वरित पहल के बाद प्रभावित किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने अपनी समस्या लेकर सालिक साय के समक्ष बात रखी और उन्होंने बिना किसी देरी के किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों एवं प्रभावित किसानों ने किसानों के हित में तत्काल पहल करने, उनकी समस्या को संवेदनशीलता से सुनने और निर्माण कार्य को फसल कटाई तक रोकने के लिए प्रयास करने पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय का हृदय से आभार व्यक्त किया।








