
खबर खुलेआम
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, मांस की कटाई करते रंगे हाथ दबोचे गए आरोपी
घरघोड़ा। वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीओ फारेस्ट आशुतोष मांडवा के मर्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में वन विभाग कि टीम द्वारा घरघोड़ा और तमनार के वन परिक्षेत्र में होने वाले अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्यवाई कि जा रही है। इसी कड़ी में घरघोड़ा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जरकट में जंगली सूअर का शिकार करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।आरोपी खेत में जंगली सूअर के मांस की कटाई कर रहे थे, तभी वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को वन अमला नियमित गश्त एवं वन भ्रमण पर था। इसी दौरान वन क्षेत्र से लगे एक खेत में दो व्यक्ति जंगली सूअर के मांस की कटाई करते दिखाई दिए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधराम यादव (पिता- मंगलू राम यादव) एवं अमर साय यादव (पिता- रतन सिंह यादव), दोनों निवासी ग्राम जरकट, के रूप में हुई है। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 एवं 51 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय घरघोड़ा में पेश किया गया। यह कार्रवाई वनमंडल अधिकारी रायगढ़ अरविंद पी. एम. के निर्देशन, उपवनमंडल अधिकारी घरघोड़ा आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अभियान में घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के समस्त वन अमले की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।










