
डेस्क खबर खुलेआम
विशेष संवाददाता बेमेतरा
बेमेतरा। शहर के सिग्नल चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब खड़ी टीवीएस ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि ई-स्कूटी को खड़ा किया गया था, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी।
आग लगते ही स्कूटी मालिक और मौके पर मौजूद पुलिस आरक्षकों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका।खड़ी स्कूटी में अचानक आग लगने की घटना से आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।ई-स्कूटी में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












