
खबर खुलेआम
14 अप्रैल 26 पुसौर। शिक्षा के आंगन में भावनाओं की सरिता उस समय उमड़ पड़ी, जब शासकीय माध्यमिक शाला पंचपारा में प्रधान पाठक गुणमणी गुप्ता के अधिवार्षिकी सेवा पूर्ण होने पर भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन 13 अप्रैल 2026 को किया गया। चार दशक से अधिक की निष्कलंक और समर्पित सेवा के बाद अपने ही कर्मस्थल से सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मुख्य द्वार पर रंगोली, कलश स्थापना, फूलमालाओं और डीजे की मधुर धुनों के साथ अतिथियों के आत्मीय स्वागत से हुई। तत्पश्चात माँ सरस्वती के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर शारदा वंदना के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

शांत, सरल और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी गुणमणी गुप्ता का जन्म 9 मार्च 1964 को ग्राम कोसमंदा में श्री गजेंद्र गुप्ता एवं श्रीमती विमला गुप्ता के घर हुआ। प्रारंभिक शिक्षा पंचपारा में तथा उच्च शिक्षा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडातराई और किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ से पूर्ण की। उन्होंने 16 अक्टूबर 1986 को प्राथमिक शाला बीजारी, घरघोड़ा में सहायक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की और अंततः अपने ही गांव पंचपारा में प्रधान पाठक के पद से सेवानिवृत्त हुए। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक श्रवण साव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि शिक्षक दुरेंद्र नायक ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गुरुजनों ने श्री गुप्ता को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सेवानिवृत्त शिक्षक जीवन पटेल, यदुमणी पटेल, चुड़ामणी देहरी और खगेश्वर पटेल सहित विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेश देवांगन, पूर्व बीईओ दिनेश पटेल तथा प्राचार्य बी. पटेल ने उनके शैक्षणिक योगदान, कर्तव्यपरायणता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।जनप्रतिनिधियों में जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जेमिनी गुप्ता एवं जनपद सदस्य मुक्तेश्वर पंडा ने उन्हें निर्विवाद एवं प्रेरणादायी सेवा पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ दीं। उनके प्रयासों से अनेक विद्यार्थियों का राष्ट्रीय साधन सह प्राविण्य छात्रवृत्ति के लिए चयन होना विद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धि रही।
अपने भावुक उद्बोधन में गुणमणी गुप्ता ने सभी शिक्षकगण, विद्यार्थियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और माता-पिता व गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने सेवा काल में हुई किसी भी त्रुटि के लिए क्षमा याचना कर सभी से स्नेह बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण संकुल की महिला शिक्षिकाओं का एक समान ड्रेस कोड रहा, जिसने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न संकुलों के समन्वयक, प्रधान पाठक, शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रसोइया, सफाई कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कुलमणी महानंदिया ने किया।समारोह के समापन पर बाजे-गाजे के साथ श्री गुप्ता को ससम्मान उनके निवास तक पहुँचाया गया, जहाँ सभी अतिथियों के लिए स्नेहपूर्ण भोजन एवं मिष्ठान की व्यवस्था की गई।













