
खबर खुलेआम

प्रदीप धोबा पूंजीपथरा / निरंजन गुप्ता तमनार
जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित आरएस इस्पात कंपनी में मंगलवार को हुए हादसे में एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। काम के दौरान क्रेन से लैडल अनबैलेंस होकर प्लेटफार्म पर गिर गया और इसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय लैडलमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार निवासी 26 वर्षीय फंटूश कुमार के रूप में हुई है, जो आरएस इस्पात कंपनी में लैडलमैन के पद पर कार्यरत था। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे वह कंपनी परिसर में लैडल प्री-प्रिपेयर करने का काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन से उठाया जा रहा लैडल अचानक अनबैलेंस हो गया और प्लेटफार्म पर जा गिरा।


इस दौरान फंटूश कुमार उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक राहुल पटेल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल विभाग की ओर से हादसे के कारणों और घटना के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि क्रेन से लैडल अनबैलेंस होकर गिरने के पीछे तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







