
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर।राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घर की देखरेख के लिए रखी गई नौकरानी ने ही भरोसे को तोड़ते हुए लाखों रुपये से भरा लॉकर पार कर दिया। हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरी रकम बरामद कर ली गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल में रहने वाले प्रार्थी देवाशीष गुरू ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 से उन्होंने अपनी बच्ची और घर की देखभाल के लिए प्रिया ढीढी, निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद, को काम पर रखा था।21 अप्रैल 2026 की शाम प्रार्थी अपने मित्र की शादी में बेमेतरा गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची शंकर नगर में थीं। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद नौकरानी प्रिया ढीढी ने मौका पाकर बेडरूम की अलमारी से लॉकर ही पार कर दिया, जिसमें करीब 2,50,000 रुपये नगद रखे थे।

रात करीब 8 बजे जब प्रार्थी की पत्नी ने फोन पर घर का हाल जाना, तो नौकरानी के गायब होने और अलमारी खुली मिलने की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू राजेन्द्र नगर में आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 160/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी महिला लॉकर लेकर जाते हुए साफ नजर आई।तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने लगातार दबिश दी और आखिरकार आरोपी प्रिया ढीढी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह लॉकर खोल नहीं पाई थी।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरा लॉकर और 2,50,000 रुपये नगद बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है।













