
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए गए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर प्रार्थी समेत कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खातों में जमा किए।आरोपियों ने निवेशकों को केवल ₹39,99,400 ही वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में रकम का गबन कर फरार हो गए।मामला दर्ज होने के बाद चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार ठिकाने बदल रहे दोनों आरोपियों को आखिरकार नया रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में हरिशंकर गुप्ता (43) और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता (42) ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।










