
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। देवरी गांव में पिकनिक मनाने पहुंचे बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। शुक्रवार दोपहर नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे उसके दो साथी भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद से तीनों छात्र लापता हैं। पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी.फार्मा प्रथम वर्ष के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं।

इसी दौरान मुरारी साहू (22), पवन लाल ( 22) और सचिन सिंह (23) हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने पहुंचे। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेने के दौरान अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। साथी को डूबता देख पवन और सचिन उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों छात्र पानी में बह गए और देखते ही देखते लापता हो गए।घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी तत्काल बुलाया गया। पुलिस और गोताखोरों द्वारा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों छात्रों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी तीनों छात्रों के परिजनों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि लापता छात्र अंबिकापुर, मरवाही और कवर्धा क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है और छात्रों के सकुशल मिलने की उम्मीद में तलाश जारी है।







