
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। पंतोरा चौकी क्षेत्र के देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में हसदेव नदी में बहे तीन छात्रों में से एक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद मौके पर परिजनों और स्थानीय लोगों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, लापता दो अन्य युवकों की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सरकंडा से 4 युवक और 4 युवतियां कार से देवरी-चिचोली पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी के चौकसे कॉलेज के छात्र होने की जानकारी सामने आई है। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे सभी हसदेव नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से मुरारी साहू, पवन कुमार और सचिन सिंह बह गए।हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस और पंतोरा चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। इसके बाद नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लगातार चलाए गए अभियान के बाद रविवार सुबह पवन कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया गया।फिलहाल मुरारी साहू और सचिन सिंह की तलाश जारी है। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हादसे के बाद देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजामों और नदी में नहाने को लेकर निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








