
खबर खुलेआम
कुड़ेकेला। मंजिल सामने थी, घर की दूरी बस चंद कदमों की थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बर्रा से डोंगाभोना लौट रहे 63 वर्षीय जगरसाय राठिया को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। डोंगाभोना पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक काल बनकर सामने आया और उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जगरसाय राठिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम पसरा है और हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार होने की कोशिश में था, लेकिन छाल पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और घेराबंदी करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी वाहन चालक को भागने का मौका नहीं मिला। मामले में वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने भी संवेदनशीलता दिखाई। तहसीलदार द्वारा मृतक जगरसाय राठिया के शोकाकुल परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।छाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















