
खबर खुलेआम
घरघोड़ा। नगर पंचायत घरघोड़ा में लगभग 39 वर्षों तक जनसेवा का दायित्व निभाने वाले सहायक राजस्व निरीक्षक शम्भू पटनायक को सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान समारोह भावनात्मक माहौल में आयोजित हुआ, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके दीर्घकालीन योगदान को याद करते हुए शुभकामनाएँ दीं।

विदाई समरोह के कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुष्पा खलखो , पार्षदगण तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शम्भू पटनायक के साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की।वक्ताओं ने कहा कि शम्भू पटनायक ने अपने 39 वर्षों के सेवाकाल में नगर पंचायत की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। उनके कार्य और व्यवहार ने सहकर्मियों के बीच एक अलग पहचान बनाई, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।समारोह के अंत में शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।











