
डेस्क खबर खुलेआम

गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पालीडीह में तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे में धुत कार चालक ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित आर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए दो चारपहिया वाहनों और सात मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को बटुराबहार निवासी बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथियों सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ आल्टो कार से पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शो-रूम पहुंचे थे। इसी दौरान उनका दोस्त विके बंजारा भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। सभी ने अपने वाहन शो-रूम के सामने सड़क किनारे खड़े किए और मोटरसाइकिल देखने अंदर चले गए।शाम करीब 5 बजे जब सभी लोग शो-रूम से बाहर निकले, तभी पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 का चालक तेज रफ्तार में गलत दिशा से पहुंचा और सड़क किनारे खड़े वाहनों के साथ वहां मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए।टक्कर के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी कार सड़क डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद वह कार छोड़कर भागने लगा, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान घनश्याम यादव (21 वर्ष), पिता बसंत यादव, निवासी पालीडीह धनियापारा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।इस दुर्घटना में स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार के अलावा सात मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हुईं। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत धारा 110 एवं 324(2) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। वहीं, दुर्घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार को विधिवत जब्त किया गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




