
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धाराशिव में युवक युवती कि संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटके शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, युवक दो दिन पहले घर से निकला था। शुक्रवार को उसका शव गांव के पास खेत में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव करीब दो दिन पुराना होने के कारण काफी हद तक सड़-गल चुका था।स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद युवती भी उसी स्थान पर पहुंची, जहां बाद में उसका शव भी उसी पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों या दोनों के रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।









