
खबर खुलेआम
विशेष सहयोगी राजु यादव धरमजयगढ़ से
धरमजयगढ़़। धरमजयगढ़़ वनमंडल के कापू वनपरिक्षेत्र अंतर्गत आलोला बीट से एक बेहद दुःखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां जंगल गए एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटनास्थल की स्थिति और शव के हालात को देखकर ग्रामीण हाथी के हमले की आशंका जता रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार आलोला गांव निवासी कार्तिक राम बंजारा शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने गांव से लगे जंगल की ओर निकला था। रोजमर्रा की तरह वह जंगल तो गया, लेकिन शाम ढलने तक वापस घर नहीं लौटा। समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता बढ़ने लगी, जिसके बाद गांव के लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। वहीं पूरी रात बेचैनी और आशंका के बीच खोजबीन चलती रही। आखिरकार शनिवार को जंगल के भीतर कार्तिक राम का शव बरामद हुआ। जंगल की लाश मिलने की खबर से क्षेत्र मे सनसनी मच गई। देखते देखते परिजनों के साथ ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने जब घटनास्थल देखा तो वहां के हालात भयावह थे। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली हाथी ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।वहीं घटना की सूचना मिलते ही कापू वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई प्रारंभ कर दी। वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पुलिस और वन विभाग के जाँच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।













