
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र राहौद क्षेत्र के ग्राम भवतरा में चार लोगों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी 14 मई 2026 की सुबह पुलिस को मिली, जिसके बाद थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
जिला पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल 👇🏼👇🏼
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सोनसाय कश्यप पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास हुआ था। करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा होने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप से जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। मृतक की शिकायत पर पूर्व में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में इस चारहरे हत्याकांड के बाद दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है।













