
डेस्क खबर खुलेआम
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित शिशुपाल पर्वत से रविवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह सरायपाली थाना पुलिस को पर्वत शिखर के नीचे दो शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है तथा शव कितने समय पुराने हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। गौरतलब है कि शिशुपाल पर्वत पर पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। वहीं, संवेदनशील स्थल होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।











