
खबर खुलेआम
हाथियों का तांडव: एक ही रात में दो की मौत, दुधमुंही बच्ची को छोड़ महिला को कुचला, दूसरे ग्रामीण की भी गई जानधरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार तड़के कापू और छाल वन परिक्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में हाथियों के हमले से एक महिला और एक ग्रामीण की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में शनिवार सुबह करीब 4 बजे एक जंगली हाथी बस्ती में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल रही थी। तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी दुधमुंही बच्ची सुरक्षित बच गई।घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद हाथी ने वन विभाग की एक गाड़ी पर भी हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए।इधर, छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा गांव के पास भी हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी को देखकर ग्रामीण भागने लगे, तभी हाथी ने पीछे मुड़कर उनका पीछा किया। इस दौरान बंधन अगरिया हाथी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। लगातार हो रहे हाथी-मानव संघर्ष से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।















