
खबर खुलेआम
धरमजयगढ़ के जमरगीडी गांव में रहस्यमयी परिस्थितियों में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस व फॉरेंसिक टीम
धरमजयगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम जमरगीडी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के अंदर लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मनोज सिसोदिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर मनोज के घर के आंगन में फैले खून के निशानों पर पड़ी। आंगन में खून के छींटे और बौछार जैसी स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। जब लोगों ने घर के भीतर झांकने का प्रयास किया तो पाया कि मकान का दरवाजा अंदर से बंद है। बाहर खून और अंदर से बंद दरवाजा देखकर ग्रामीणों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।बताया जा रहा है कि घटना के समय मनोज घर पर अकेला था। उसकी पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ काम के सिलसिले में बाहर रहती है।घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने बंद दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मामला काफी पेचीदा नजर आ रहा है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आंगन में मिले खून के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जबकि फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है। इस रहस्यमयी मौत ने जमरगीडी सहित आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बना दिया है और लोग अब पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।












