
डेस्क खबर खुलेआम

रायपुर। प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने और ग्राहकों की तलाश करने के संदेह में पकड़ा गया युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर भागे संदिग्ध मुशर्रफ खान को पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर घेराबंदी कर दोबारा पकड़ लिया और अभिरक्षा में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की शाम थाना मौदहापारा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रजबंधा मैदान के पास एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुशर्रफ खान (24 वर्ष), पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा को पकड़ा।बताया जा रहा है कि मौके पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के दौरान मुशर्रफ खान पुलिस को चकमा देकर अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हालांकि, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना मौदहापारा की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन तलाश अभियान चलाया और आखिरकार फरार होने के महज तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। फिलहाल संदिग्ध को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई जारी है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।









