
खबर खुलेआम
घरघोड़ा। प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं पेंशनर एसोसिएशन ने अपनी लंबित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को सांसद राधेश्याम राठिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के तहत 7 से 11 जुलाई तक प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपने के अभियान के तहत घरघोड़ा क्षेत्र के छर्राटागढ़ में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।रायगढ़ जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय के नेतृत्व में करीब 10 वाहनों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी और पेंशनर सांसद के गृहग्राम पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 10 जून को मुख्यमंत्री के नाम जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने 1 जनवरी 2026 से लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के आदेश जारी करने, सेवानिवृत्ति पर 300 दिन का अवकाश नगदीकरण, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ तथा अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने सहित छह प्रमुख मांगें उठाईं। इसके अलावा शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में नेटवर्क और टावर की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। कर्मचारियों ने कहा कि कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से समय पर उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पाता, इसलिए इस व्यवस्था की व्यावहारिक समीक्षा आवश्यक है। इस दौरान शैलेंद्र कर्ण, हरिश्चंद्र बेहरा, केशव प्रसाद पटेल, शिव प्रसाद तिवारी, अश्वनी कुमार दर्शन, मनोज प्रधान, मोहन नायक, खेम सागर पैंकरा, ऋषिकेश साहू, वरुण कुमार गुप्ता, सर्वेश मरावी, बाबूलाल, मनोज पंडा, गोकर्ण दास वैष्णव, सूरज पैंकरा, सीमा महंत, भोज केसरवानी, फागूलाल रात्रे, सुरेंद्र सिंह भाठिया, गणेश्वर श्याम, जयंती श्याम सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। वहीं सांसद राधेश्याम राठिया ने कर्मचारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।












