
डेस्क खबर खुलेआम
विशेष सहयोगी पिंगल बघेल
पत्थलगॉव । किलकिला संकुल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कुनकुरी में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करना तथा अभिभावकों को बच्चों की नियमित शिक्षा और विद्यालय से जुड़ाव के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं विद्यार्थियों के अभिनंदन से हुई। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था

जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और आत्मीयता का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई। ग्राम कुनकुरी के विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण एवं ग्रामीणजनों की विशेष उपस्थिति रही।सरपंच क्रांति सिदार, उपसरपंच अन्थरेश एक्का, पंच राधा सिदार, पंच सरोज तथा ग्राम सचिव धनीराम लकड़ा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राम के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधान अध्यापक शोभना सिदार एवं अमृत लाल एक्का सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। सभी की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित यह शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।














