
डेस्क खबर खुलेआम

गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। दीपावली पर्व की सुबह जशपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे से सनसनी फैल गई। जानकारी अनुसार कुनकुरी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सलियाटोली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार रॉयल बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार रॉयल बस हजारीबाग से यात्रियों को लेकर संबलपुर की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी ओर से ट्रक जशपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सलियाटोली के पास दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित है। भीषण टक्कर के बावजूद किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।इधर, घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






