
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। दुलदुला वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम ढोढीआरा के समीप जंगल में अवैध रूप से विद्युत तार बिछाकर वन्यजीवों का शिकार किए जाने के मामले में करीब 14 लोगों के समूह की संलिप्तता सामने आने के बाद वन विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।दरअसल, 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम ढोढीआरा के समीप जंगल में एक जंगली हाथी मृत अवस्था में मिला था। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में करीब 14 लोगों के समूह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि समूह द्वारा जंगल क्षेत्र में विद्युत तार बिछाए गए थे। इसके बाद समूह के कुछ सदस्य गांव में एक व्यक्ति के घर पर रुके और वहां भोजन किया। इसी दौरान हाथी के करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, हाथी की मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि फॉरेंसिक जांच और संबंधित रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। वन विभाग द्वारा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद 25 सितंबर की शाम न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 सहित अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान सामने आए 14 सदस्यीय समूह की भूमिका को लेकर वन विभाग अब कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रहा है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि कहीं इस समूह की पूर्व में हुई वन्यजीव शिकार की घटनाओं में भी भूमिका तो नहीं रही है। साथ ही विद्युत विभाग से तकनीकी परीक्षण और बिजली आपूर्ति से संबंधित अभिलेख भी जुटाए जा रहे हैं।हाथी की मौत के मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वन विभाग की कार्रवाई ने क्षेत्र में हलचल बढ़ा दी है। अब जांच की दिशा बाकी संदिग्धों की पहचान, गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क की भूमिका तक पहुंचने पर केंद्रित है।






