
डेस्क खबर खुलेआम
महासमुंद में जोक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। दोनों वाहन पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में कार सवार राज कुमार निषाद की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भागीरथी साहू नदी में बहकर लापता हो गया। रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी है।महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। जोक नदी के पुराने पुल पर कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे जा गिरे। हादसे के समय कार में चार और बाइक पर तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।कार सवार राज कुमार निषाद की मौतपुलिस के अनुसार, कार क्रमांक CG06 GY 5870 में राज कुमार निषाद, मुकेश बारिक, रोशन चौहान और सुनील जगत सवार थे। हादसे में राज कुमार निषाद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग दुधीयापाली, बसना के रहने वाले हैं। दूसरी ओर बाइक पर भागीरथी साहू, विशाली साहू और विजय साहू सवार थे।हादसे के बाद बाइक चालक भागीरथी साहू नदी के पानी में बह गया और उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, वह नदी के तेज बहाव में काफी दूर तक बह गया। घटना के बाद रेस्क्यू टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। भागीरथी की तलाश नदी के आसपास के इलाकों में की जा रही है। हादसे में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में मुश्किलें भी सामने आ रही हैं। वहीं बाइक पर सवार अन्य दोनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बाइक सवार तीनों लोग बार क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।सांकरा थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर किस वजह से हुई। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे के कारणों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता नदी में लापता भागीरथी साहू की तलाश करना है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि लापता युवक के परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।









