
खबर खुलेआम
दिनांक 23 अप्रैल 2026 को पीड़िता की मां द्वारा महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री के स्कूल का सीनियर छात्र रहा आरोपी आर्यन सोनी और उसके दोस्त पूर्व में उनके घर आते-जाते थे। रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर 2025 में जब बालिका घर पर अकेली थी, उस दौरान आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद नवंबर माह में भी आरोपी द्वारा पुनः दुष्कर्म का प्रयास किया गया। लोकलाज और भय के कारण पीड़िता ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन आरोपी और उसके साथियों द्वारा फोन कर बदनाम करने तथा गाली-गलौच कर धमकाने से परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिवार के परामर्श के बाद महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन पर महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन सोनी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 64(1),332(B), 351(4) BNS और 4 पॉक्सो एक्ट में में न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त , एएसआई विल्फ्रेड मसीह, हेड कांस्टेबल संदीप भगत, राजेश उरांव और रश्मि केरकेट्टा की अहम भूमिका रही है ।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश “महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ित पक्ष निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें, उनकी सुरक्षा और न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता है।”*













