

डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के साथ विधायक गोमती साय के उपस्थिति में आयोजन हुआ संपन्न
पत्थलगांव (तमता, घुटरापारा)। छत्तीसगढ़ सवरा समाज द्वारा तमता (घुटरापारा) में जिला स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का माहौल सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहा। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पुष्पगुच्छ व सम्मान के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न मुद्दों, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने अपने संबोधन में सावरा समाज की एकता और जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और संगठित होकर विकास की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तब उसकी पहचान और सशक्तिकरण दोनों सुनिश्चित होते हैं।
वहीं, विधायक गोमती साय ने भी अपने संबोधन में समाज के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मंच से समाज की एकता, शिक्षा के महत्व और सामाजिक उत्थान पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, सवरा समाज के प्रांतीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सुना धर, विशाल मोहन भोय, सुनीति भोय, मीनकेतन भोय, दिलीप भोय, टिकेश्वर भोय, गणेश भोय,सरपंच संघ अध्यक्ष रोशन सिंह तमता सहित क्षेत्र के सरपंच एवं सावरा समाज के समस्त पदाधिकारी व सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













