

डेस्क खबर खुलेआम
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक मासूम की डूबने से हुई मौत के मामले में कथित रिश्वतखोरी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शोकाकुल परिवार से जांच के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों के बीच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने बचरापोड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25,000 रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले में सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी साजिश और रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।


जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के यहां ईंट निर्माण कार्य के दौरान परिसर में खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था। आरोप है कि वहीं मजदूर मोहित घसिया के मासूम बेटे की डूबने से मौत हो गई। परिवार इस हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि जांच को लेकर कथित तौर पर दबाव बनाकर रकम की मांग की गई।शिकायतकर्ता के अनुसार, पहले 50,000 रुपये की मांग की गई, जो बाद में 25,000 रुपये पर तय हुई। आरोप है कि तबादले के बाद भी यह कथित वसूली नहीं रुकी और नए प्रभारी ने रकम लेकर चौकी बुलाया। परेशान होकर प्रार्थी ने एसीबी से संपर्क किया। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही राशि सौंपी गई, टीम ने उप निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच में भूमिका सामने आने पर एएसआई को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है कि पद की आड़ में अवैध वसूली करने वालों पर कानून का शिकंजा कसना तय है।












