
खबर खुलेआम
विशेष सहयोगी राजू यादव धरमजयगढ़
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के वनपरिक्षेत्र बाकारूमा अंतर्गत तेजपुर बीट से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमे एक जंगली हाथी ने तांडव मचाते हुए एक 28 वर्षीय युवक को दौड़ाकर कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश पिता मदन चौहान, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी पत्थलगांव थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश किसी कार्य से तेजपुर आया हुआ था। मिली जानकारी अनुसार रात्रि करीब 9 बजे वह तेजपुर से ढोढागांव की ओर जा रहा था।

इसी दौरान क्षेत्र में विचरण कर रहे एक हाथी से उसका आमना-सामना हो गया।बताया जा रहा है कि हाथी की मौजूदगी को लेकर वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को पहले ही सूचना दी गई थी। इसके बावजूद सुरेश ढोढागांव की ओर निकल गया। रास्ते में अचानक हाथी सामने आ जाने पर उसने अपनी जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसका पीछा कर उसे अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। विभागीय अमला पहले से ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार उसकी ट्रैकिंग कर रहा था तथा आसपास के गांवों में मुनादी और अन्य माध्यमों से लोगों को सतर्क किया जा रहा था।घटना के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मृतक के शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सहित आगे की विभागीय प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।







