
डेस्क खबर खुलेआम
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में हाथी के हमले से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के बैकुंठपुर वनमंडल अंतर्गत कमर्जी पार्क परिक्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक नगर गांव के निवासी थे और सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए क्षेत्र में आए हुए थे। दिनभर काम करने के बाद वे निर्माण स्थल के पास ही रात में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और मजदूरों पर हमला कर दिया।हाथी के हमले में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वन विभाग द्वारा मामले की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।













