
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना खमतराई पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 967/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना में सामने आया कि आरोपी और पीड़िता पूर्व से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी ने युवती को प्रेम और शादी का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।बताया गया कि 10 सितंबर 2026 को आरोपी दोबारा शादी का भरोसा देकर पीड़िता को अपने साथ ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और थाना खमतराई में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी की पतासाजी की। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तत्काल माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






