
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर में देर रात तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हुल्लड़बाजी करने और पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर झूमाझटकी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 3 बजे गांधी नगर, कालीबाड़ी क्षेत्र में एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने और हंगामे की शिकायत मिली थी। पहली बार पहुंची पुलिस ने समझाइश दी, जिसके बाद साउंड सिस्टम बंद कर दिया गया। लेकिन कुछ समय बाद दोबारा तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की शिकायत मिली।पुलिस के दोबारा मौके पर पहुंचने पर समझाइश देने के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की गई। पुलिस के मुताबिक, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के साथ शासकीय कार्य में बाधा भी पहुंचाई गई। घटना में पुलिसकर्मियों को चोट आने की बात भी पुलिस ने कही है।


कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 121, 121(1), 191 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी 1️⃣ प्रताप ताण्डी, उम्र 33 वर्ष 2️⃣ हरीश ताण्डी, उम्र 30 वर्ष 3️⃣ दीपक दास, उम्र 26 वर्ष 4️⃣ विपुल जोशी, उम्र 30 वर्ष 5️⃣ हर्षा महानंद, उम्र 25 वर्ष 6️⃣ दिव्या सोनी, उम्र 27 वर्ष 7️⃣ उपासना सोनी, उम्र 28 वर्ष रायपुर
पुलिस ने कहा है कि रात में सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना तथा पुलिस या किसी शासकीय कर्मचारी के साथ अभद्रता अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में Zero Tolerance की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने अपील कि है कि आपके इलाके में भी देर रात तेज आवाज, हंगामा या सार्वजनिक शांति भंग होने की स्थिति है? कानून अपने हाथ में न लें पुलिस को सूचना दें।












