
डेस्क खबर खुलेआम
कांसाबेल। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु मंदिर कांसाबेल में सामूहिक राष्ट्रगान का गरिमामय आयोजन किया गया। निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों ने अनुशासन और राष्ट्रभावना के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती टिकेश्वरी शर्मा ने किया। आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्व से ही सभी तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल राम, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, शिशु मंदिर संस्थान के अध्यक्ष त्रिलोकचंद बंसल, उपाध्यक्ष अनुपचंद जिंदल, व्यवस्थापक मिथिलेश कुमार गुप्ता, सह-व्यवस्थापक शान्तनु गर्ग एवं कोषाध्यक्ष प्रभात शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने अपने संबोधन में वंदे मातरम् के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति, मातृभूमि के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति समर्पण और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।वहीं डॉ. प्रभात शर्मा ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी साझा करते हुए इसके राष्ट्रभावना को जागृत करने में योगदान पर प्रकाश डाला। व्यवस्थापक मिथिलेश कुमार गुप्ता ने विद्यालय की भूमिका और विद्यार्थियों के जीवन में राष्ट्रभक्ति एवं संस्कारों के महत्व पर विचार रखे।पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत नजर आया। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई। अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती टिकेश्वरी शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।





