---Advertisement---

अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया नशीला पानी .. बेहोश कर महिला से दुष्कर्म .. शादी का झांसा देकर ऐंठे 6 लाख रुपये

By Khabar Khule Aam Desk

Published on:

Follow Us
Advertisement Carousel
---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
5180408

खबर खुलेआम

रायगढ़, 09 नवंबर 2026* । जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर शादी में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और उससे लाखों रुपये वसूलने के मामले में मुख्य आरोपी एवं उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पीड़िता को पूजा-पाठ के बहाने घरघोड़ा बुलाया और अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद मुख्य आरोपी ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इतना ही नहीं, पूजा-पाठ और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल तथा उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।जानकारी के अनुसार दिनांक 05.11.2026 को 40 वर्षीय अविवाहित महिला निवासी लैलूंगा ने थाना कोतवाली रायगढ़ में आवेदन देकर अपने साथ हुए शारीरिक शोषण एवं आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी।

5180389

घटना का मूल स्थान घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने से प्रकरण उसी दिन थाना घरघोड़ा स्थानांतरित कर असल अपराध कायम किया गया तथा पीड़िता का विस्तृत कथन दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में उसकी एक परिचित महिला के माध्यम से उसे चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताता है तथा झाड़-फूंक और दवा के माध्यम से विभिन्न बीमारियों का इलाज करता है। पीड़िता ने आरोपी से मोबाइल पर संपर्क कर अपनी शारीरिक परेशानी, शरीर में दर्द रहने तथा विवाह नहीं हो पाने की समस्या बताई। इस पर चंद्र कुमार ने झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के माध्यम से उसकी बीमारी ठीक करने तथा विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार बातचीत होने लगी।दिनांक 08.03.2026 को आरोपी चंद्र कुमार ने इलाज एवं पूजा-पाठ करने के बहाने पीड़िता को रायगढ़ रोड घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। पीड़िता अपने गांव से बस में बैठकर घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने किराये के मकान में ले गया। वहां पहले से एक महिला मौजूद थी, जिसे आरोपी ने गायत्री महंत बताते हुए पूजा-पाठ करने वाली महिला बताया। गायत्री ने पीड़िता से उसकी समस्याओं के संबंध में पूछताछ की और पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी एवं लड्डू मंगवाने की बात कही। पीड़िता द्वारा ये सामग्री उपलब्ध कराने पर गायत्री ने उसे नहाकर गीले वस्त्रों में पूजा स्थल पर आने को कहा। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि वह स्वयं महिला है और पूजा के दौरान वहीं मौजूद रहेगी, इसलिए उसे संकोच करने की जरूरत नहीं है।पीड़िता के अनुसार, गायत्री के कहने पर वह नहाकर पूजा स्थल पर पहुंची। कुछ देर बाद चंद्र कुमार वहां आया और पूजा-पाठ एवं हवन करने लगा। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पीने के लिए पानी दिया। पानी पीने के कुछ देर बाद ही पीड़िता को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी बेहोशी की हालत में चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। होश आने पर जब उसने आरोपी से इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपी ने विवाह में आ रही बाधा दूर करने और शरीर की समस्या ठीक करने के नाम पर अपनी करतूत को उचित ठहराने का प्रयास किया। पीड़िता ने आगे बताया कि आरोपी चंद्र कुमार और उसकी महिला सहयोगी द्वारा पूजा-पाठ एवं हवन के नाम पर उससे पहले 4 हजार रुपये और फिर 12 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद आरोपी ने उसे बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम करने का झांसा देकर और रुपये देने के लिए दबाव बनाया। इस तरह अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए गए। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया। थाना घरघोड़ा में आरोपियों पर अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपियों की पतासाजी एवं विवेचना शुरू की और तत्काल दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।पूछताछ और विवेचना में पुलिस के सामने आया कि आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाने तथा पूजा-पाठ के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी। इसके बाद चंद्र कुमार जायसवाल ने पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर घरघोड़ा पुलिस ने दिनांक 08.11.2026 को आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल तथा उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं हमारा स्टाफ की आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और विवेचना कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Khabar Khule Aam Desk

Khabar khuleaam.com एक हिंदी न्यूज पोर्टल है ,पोर्टल में छत्तीसगढ़ राज्य की खबरें प्राथमिकता के साथ प्रकाशित की जाती है जिसमें जनहित की सूचनाएं प्रकाशित की जाती है।

Leave a Comment