
डेस्क खबर खुलेआम
विशेष संवाददाता दुर्ग
दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाने का मामला, वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन
दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। लैब के अंदर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा। सिविल सर्जन की ओर से जवाब-तलब और जांच के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक का वीडियो वायरलजानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को तीन महिला टेक्नीशियनों ने अटल आरोग्य लैब के अंदर रील बनाई थी।
वायरल वीडियो में एक महिला टेक्नीशियन हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती नजर आईं। वहीं दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करते हुए रील बनाई गई थी।बताया जा रहा है कि रील बनाए जाने के करीब पांच दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी किया। नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।लैब प्रभारी की ओर से जवाब देने के साथ ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया। मामले की जांच और जवाब-तलब के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में नजर आ रहीं तीनों महिला टेक्नीशियनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।

अब विभाग यह भी जांच कर रहा है कि जिस दौरान लैब में रील बनाई जा रही थी, उस समय मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच और लैब की नियमित व्यवस्था पर कोई असर पड़ा था या नहीं। सिविल सर्जन ने क्या कहा ? सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद लैब इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया था। लैब इंचार्ज ने संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा था। इसके बाद कंपनी ने संबंधित तीनों स्टाफ को सेवा से बर्खास्त कर दिया। गौरतलब है कि अटल आरोग्य लैब इससे पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर सवालों के घेरे में आ चुकी है। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए तो दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में अब ड्यूटी के दौरान लैब में रील बनाने और उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने अटल आरोग्य लैब में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और मरीजों की जांच व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।












