
डेस्क खबर खुलेआम
बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा जनकपहाड़ी में गणेश पंडाल में बाजा बजाने की बात को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे गणेश पंडाल के पास विवाद के दौरान शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज और अन्य लोगों पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला किया गया।हमले में कई लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने शैलेष राठौर को मृत घोषित कर दिया। घटना में अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आने की जानकारी पुलिस ने दी है।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में लिया गया है।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई है। मस्तूरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 669/2026 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार करने के बाद 22 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



