
डेस्क खबर खुलेआम
जामचुआं-बनकोम्बो में फुटबॉल का रोमांच, लोधमा ने जीता खिताब .. जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की मौजूदगी में हुआ समापन
कुनकुरी। कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के जामचुआं-बनकोम्बो में आयोजित नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का रोमांचक समापन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें फाइनल मुकाबला लोधमा और तुकूपानी के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में लोधमा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तुकूपानी को 1 गोल से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। जीत के साथ लोधमा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता तुकूपानी की टीम को 31 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले ने खेलप्रेमियों में खासा उत्साह और उमंग भर दी।


समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं। सालिक साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान बनाने का अवसर देते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।उन्होंने खिलाड़ियों को जीत-हार से सीख लेते हुए निरंतर मेहनत करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य मलिता बाई, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, विफल राम, नारायणपुर थाना प्रभारी गौरव पांडेय, विकास नाग, संतन राम, श्रीराम मयंक चौहान, सरपंच जॉर्ज लकड़ा, सरिता अंगिरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष और समस्त सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना रहा। उक्त जानकारी जिला कार्यसमिति सदस्य भाजयुमो भूषण वैष्णव द्वारा दी गई।





