
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। राहौद नगर पंचायत में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साल से लापता युवक का नर कंकाल बरामद हुआ। यह सनसनीखेज मामला गुडफीड इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे स्थित एक डबरी से सामने आया, जहां स्थानीय लोगों ने मानव कंकाल पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान कंकाल के पास मिले कपड़े और अन्य सामान के आधार पर मृतक की पहचान शिव कुमार यादव के रूप में की गई। परिजनों ने भी सामान देखकर उसकी शिनाख्त की पुष्टि की।जानकारी के अनुसार, शिव कुमार यादव करीब एक वर्ष से लापता था। उसके पिता ने राहौद चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अब अचानक कंकाल मिलने से परिवार और क्षेत्र के लोगों में शोक और चिंता का माहौल है।

पुलिस ने नर कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किसी हादसे का परिणाम है, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है। मामले की गुत्थी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सुलझ पाएगी।घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं व्याप्त हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।













