
खबर खुलेआम
24 जुलाई, रायगढ़* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री एवं जमीन दलाली के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में अब तक पीड़ितों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जबकि अन्य संभावित पीड़ितों द्वारा थाना आकर आरोपित पर धोखाधड़ी की शिकायतें की जा रही है । मामले में शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन पिता अली अकबर उम्र 32 वर्ष पता बाजीराव पारा विश्वासगढ़ चर्च के सामने वार्ड नं 30 रायगढ़ एवं उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम पणिगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू, जो वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है, ने पहले वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर उनसे लगातार रुपये लिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया और इस बहाने और रकम ले ली। बाद में आरोपी ने अपनी भूमि खसरा नंबर 428/4, रकबा 0.049 हेक्टेयर का 14 अप्रैल 2026 को बिक्री का सौदा भी उनसे कर लिया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई। आरोपी ने इस प्रकार शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये तथा सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये, कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नगद एवं बैंक ट्रांसफर के माध्यम से प्राप्त कर धोखाधड़ी की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों के साथ भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। शिकायत पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने *आरोपी कृष्ण कुमार साहू पिता कामता साहू उम्र 38 साल निवासी पड़िगांव थाना तमनार* को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो एवं एक बोलेरो वाहन (20 लाख रूपये) जब्त किए गए हैं। जांच में अब तक 10-15 पीड़ितों से लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। मामले में अन्य पीड़ितों की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं तथा पुलिस आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।












