
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के ग्राम संकरी में पंचायत के एक पंच पर 23 वर्षीय विवाहिता से घर में घुसकर छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।पीड़िता के अनुसार, 15 जुलाई की रात करीब 8 बजे उसका पति काम के सिलसिले में रायपुर गया हुआ था और वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का पंच खेमन लाल साहू कथित तौर पर जबरन घर में घुस आया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की।महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोसी कुलेश्वर यादव मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद डरी-सहमी महिला ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और मंदिरहसौद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 और 332 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि महिला की शिकायत मिलते ही तत्काल FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।घटना के बाद ग्राम संकरी और आसपास के क्षेत्र में लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति पर लगे ऐसे आरोप बेहद गंभीर हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी।










