
डेस्क खबर खुलेआम
दंतेवाड़ा। जिले के चंदेनार साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग झुलस गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली बाजार परिसर के पास आ गिरी। बिजली गिरते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।बताया जा रहा है कि कुल 11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए। इनमें एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।









