
खबर खुलेआम
खरसिया वनमंडल कार्यालय में आज भावनाओं और जिम्मेदारियों का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां एक ओर विदाई की नमी थी, तो दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की गरिमा भी नजर आई। प्रशिक्षु IFS अधिकारी कुनाल मिश्रा के कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें गरिमामय और भावुक विदाई दी गई। समारोह में उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी उस समय भावुक हो उठे जब अपने कार्यकाल के दौरान सहज, सरल और कर्तव्यनिष्ठ छवि छोड़ने वाले कुनाल मिश्रा को विदा किया गया। कई आंखें नम दिखीं, तो कई शब्द भावनाओं में डूबे नजर आए। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्मृति स्वरूप समूह फोटो लेकर इस पल को सहेज लिया। इसी अवसर पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का गठन किया गया। इस समिति में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ पत्रकार पूजा जायसवाल को बाह्य सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जो पारदर्शिता और निष्पक्षता की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि प्रशासनिक कार्यों के बीच मानवीय संवेदनाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती हैं। एक ओर जहां विदाई की भावुकता ने माहौल को नम कर दिया, वहीं दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत ने उम्मीद और विश्वास की नई किरण भी जगाई।














