
डेस्क खबर खुलेआम
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी स्थित सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए विभाग के बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।जानकारी के अनुसार, ग्राम पाराघाट निवासी किसान त्रिलोकी साहू ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी करीब एक एकड़ कृषि भूमि में शासन की योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल लगाने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन पर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी में पदस्थ बाबू सहदेव कुमार चंद्रा ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से 25 जून 2026 को शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी बाबू ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।













