
खबर खुलेआम
राजू यादव / विशेष सहयोगी धरमजयगढ़
धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रैरूमा चौकी के ग्राम पंचायत साजापाली के आश्रित ग्राम धरमपुर में रविवार को पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। बीते विवाद को लेकर हुए विवाद में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार टांगी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया।बता दें, परिजनों के थाने में दर्ज कराई गई के जानकारी के अनुसार, धरमपुर निवासी बंधनराम पण्डो (76 वर्ष), पिता स्व. मंगलराम पण्डो अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का ही निवासी मकरदम मांझी (40 वर्ष) उनके घर पहुंचा, और धीरे धीरे पुरानी बातों को लेकर विवाद करते हुए उनके घर में घुस गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपी ने घर में रखी धारदार टांगी उठाकर बंधनराम पण्डो के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया वहीं हमले के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल 112 की सहायता से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमजयगढ़ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस एवं रैरूमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी मकरदम मांझी को हिरासत में ले लिया है। शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।बहरहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया घटना का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है।











