
डेस्क खबर खुलेआम
वाड्रफनगर। शुक्रवार को अंबेडकर चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान विकास देवांगन, निवासी बड़का गांव (चलगली क्षेत्र) के रूप में हुई है, जो वाड्रफनगर में रहकर एक डिलीवरी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह बाइक से वाड्रफनगर से महेवा की ओर सामान पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक चालक युवक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बताये अनुसार युवक ने हेलमेट पहना हुआ था उसके बावजूद युवक का सिर धड से अलग हो गया था। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुरे मामले की जाँच में जुट गई है वही पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।











