
डेस्क खबर खुलेआम

महामाया
हसौद। हसौद-बिर्रा मार्ग पर घिवरा स्थित महामाया पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर निकल रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार गुरुकृपा बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे उपचार के लिए चांपा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के थाना बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम नगरदा निवासी केशव प्रसाद बंजारे (35), पिता जगतराम बंजारे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, केशव अपनी सीडी डीलक्स बाइक क्रमांक CG 06 GP 5506 से किसी काम के सिलसिले में हसौद जा रहा था। इसी दौरान घिवरा के महामाया पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर जैसे ही वह मुख्य मार्ग पर आगे बढ़ा, तभी बस क्रमांक CG 10 BZ 8293 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

बस की जोरदार टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और केशव गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सहायक उपनिरीक्षक तीज राम जागड़े ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।




