
डेस्क खबर खुलेआम
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कोपरा जलाशय के पास उस समय हुआ, जब पीछे से तेज रफ्तार भूसे से भरे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) अपने एक परिचित के साथ बाइक से बिलासपुर आ रही थीं। रास्ते में कोपरा जलाशय के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। साथ ही, चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की आशंका को देखते हुए ड्रिंक एंड ड्राइव के पहलू से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।










