
डेस्क खबर खुलेआम
चांपा। सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, विद्या भारती द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अकलतरा में आयोजित कोरबा विभाग स्तरीय प्रश्न मंच एवं संस्कृति महोत्सव 2026 में चांपा की प्रतिभाशाली छात्रा अंशिका ऐरन अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कक्षा 11वीं तरुण वर्ग की तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में अंशिका ने पर्यावरण विषय पर अपने सारगर्भित, तार्किक एवं सकारात्मक विचारों से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।अंशिका ऐरन अग्रवाल चांपा के बरपाली चौक स्थित डागा कॉलोनी निवासी व्यवसायी अजय मधु ऐरन अग्रवाल की सुपुत्री हैं। विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अंशिका अब प्रांत स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुई हैं। उनकी इस सफलता से परिवारजनों, विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। अंशिका की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता हासिल करने और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अंशिका की यह उपलब्धि न केवल उनके परिश्रम, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा का परिचायक है, बल्कि चांपा क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।






