
डेस्क खबर खुलेआम

गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी बालक जितेंद्र राम का शव ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पांच वर्षीय पुत्र जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में स्थित गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा बालक का शव मिला।सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 137(1)(ख) एवं 238(क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही आरोपी वासुदेव उर्फ टांगनु, निवासी गोरियापाठ चलनी, थाना सन्ना को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी से हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि संदेही आरोपी और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी विवेचना के बाद अलग से दी जाएगी।






